वकील की हत्या और सिपाही के घायल होने की CBI जांच की सिफारिश
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद कचहरी परिसर में गत बुधवार को एक दारोगा द्वारा वकील की हत्या को लेकर पूरे प्रदेश में वकीलों के तीखे विरोध के बीच सरकार ने शुक्रवार को वकील की मौत तथा उसके बाद हुए संघर्ष में एक सिपाही के घायल होने की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की।
इलाहाबाद में वकील की हत्या के मामले में आरोपी दारोगा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (लोक शिकायत) अशोक मुथा जैन ने यहां संवाददाताओं को बताया कि प्रदेश सरकार ने इलाहाबाद कचहरी परिसर में गत बुधवार को हुए दो महत्वपूर्ण मामलों- अधिवक्ता नबी अहमद की मौत तथा उसके बाद हुए पुलिस तथा वकीलों के बीच संघर्ष में सिपाही अजय नागर के घायल होने के मामलों की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है।
पुलिस महानिरीक्षक (लोक शिकायत) अशोक मुथा जैन ने बताया कि वकील की हत्या के मामले में आरोपी दारोगा शैलेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि प्रदेश के गृह विभाग के प्रमुख सचिव देवाशीष पण्डा और पुलिस महानिदेशक ए. के. जैन ने आज इलाहाबाद जाकर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी. वाई. चंद्रचूड़ से मुलाकात की।
उन्होंने बताया कि बैठक में तय किया गया कि अगले तीन-चार दिन तक कचहरी परिसर में रैपिड एक्शन फोर्स (आएएफ) तैनात की जाएगी। उसके बाद आरएएफ की जगह केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की तैनाती होगी।
गौरतलब है कि बुधवार की दोपहर इलाहाबाद कचहरी परिसर में अधिवक्ता नबी अहमद की गोली लगने से मौत हो गयी थी। हत्या का आरोप दारोगा शैलेन्द्र सिंह पर लगाया गया था। इस वारदात के बाद भड़के वकीलों ने कचहरी परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की थी।
इस घटना के विरोध में पूरे प्रदेश के वकील आंदोलित हो गये थे और उन्होंने विभिन्न जिलों में जगह-जगह मार्ग जाम और तोड़फोड़ की थी। मुख्य न्यायाधीश ने न्यायमूर्ति पी. के. एस. बघेल को सम्पूर्ण प्रकरण की जांच के आदेश दिये थे।भाषा