सरपतहां (जौनपुर) । महमदपुर गांव में घर वालों को बेहोश कर एक गिरोह 25 हजार नगदी व दो लाख के जेवरात आदि सामान लेकर चम्पत हो गया।
भुलेश्वर प्रजापति के घर शनिवार की शाम एक गिरोह पहुंचा। जिसमें दो पुरुष, एक महिला व 10 वर्ष की लड़की शामिल थी। गिरोह के लोगों ने भुलेश्वर के घर वालों से कहा कि वे लोग बिजेथुआ महावीर से दर्शन कर लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने घर की लड़की के लिए शादी ढूंढ रहे हैं। बातचीत के बाद लोग घर पर रुक गए। रात में खाना खाने के बाद सब सो गए। रात में गिरोह ने भुलेश्वर, उसकी बहू मुन्नी, मालती व बच्चों को कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर घर में रखा 25 हजार नगद व सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब दो लाख मूल्य का सामान लेकर चम्पत हो गया।
भुलेश्वर का एक पुत्र जयगो¨वद सऊदी अरब में रहता है जबकि दूसरा राजेंद्र शनिवार को गांव के ही एक बरात में शामिल होने गया था। रविवार की सुबह जब उक्त घर वाले दस बजे तक नहीं जगे तो गांव वाले घर में गए। वहां पर सबको बेहोश देखा तब तक राजेंद्र भी बरात से वापस लौट आया। सभी लोगों को खुटहन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर भुलेश्वर की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दिया। पीड़ित के घर से एक मोबाइल मिला है। जिसके गिरोह के किसी सदस्य के होने का अंदेशा जताया जा रहा है।