रामनवमी से पहले नदी में तैरता मिला पत्थर, राम नाम लिख पूजने लगे लोग
पानी में तैरता पत्थर, लोगों ने इसमें राम नाम लिख दिया है।
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ के कोरबा जिले में हसदेव नदी में रविवार की सुबह मिला तैरता हुआ एक पत्थर कौतुहल का विषय बना हुआ है। नदी में नहाने गए बच्चों को पानी में तैरता कुछ दिखा। पास जाकर छूकर देखा तो पता चला कि पत्थर है। बच्चों ने पत्थर को पानी से निकाल कर बार-बार फेंक कर देखा लेकिन पत्थर डूबा नहीं और तैरता ही रहा।
बच्चों ने इसकी जानकारी बडों को दी तब शुरुआत में लोगों ने इसे बच्चों की ठिठोली समझ नजरअंदाज कर दिया। बच्चे जैसे-तैसे लोगों को खींच कर नदी तक लाने में सफल हो गए। जैसे ही कुछ लोगों ने पत्थर को देखा वैसे ही बात जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते नदी के पास लोगों का तांता लग गया।
लोगों की मानें तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। पत्थर पर राम नाम लिख, उसे मंदिर में स्थापित कर लोगों ने उसकी पूजा शुरू कर दी गई है। तैरते पत्थर की बात सुन दूर-दूर से लोग इसके दर्शन करने उमड़ रहे हैं।रामनवमी से कुछ दिन पहले ही मिले इस तरह के पत्थर से अब इलाके में अफवाहों का दौर भी शुरू हो गया है। कोई इस पत्थर को राम सेतु का हिस्सा बता रहा है तो कोई इसे चमत्कार कह रहा है। पत्थर को देखने इलाके में बड़ी भीड़ भी उमड़ी हुई है। कोई पत्थर की पूजा कर रहा है तो कोई इसे नहर किनारे स्थित शिव मंदिर में स्थापित करने की इच्छा जता रहा है।