ओलन्दगंज से जेसीज व चहारसू से किला मार्ग पर क्यों नहीं चल रहा प्रशासन का हथौड़ा?
जौनपुर। पूर्व जिलाधिकारी सुहास एलवाई द्वारा शुरू किया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान वर्तमान जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी के नेतृत्व में भी चल रहा है जो वाकई प्रशंसनीय है लेकिन नगर के ही काफी लोगों को इस बात का बेहद कष्ट है कि यह अभियान पूरे नगर में तो चलाया जा रहा है लेकिन अशोक टाकिज से लेकर शाही किले और ओलन्दगंज तिराहे से लेकर जेसीज चौराहे तक क्यों नहीं चलाया जा रहा है? इसको लेकर कहीं दबी जुबान तो कहीं खुले तौर पर लोगों द्वारा कहा जा रहा है जिसकी जानकारी माना जाय तो जिला प्रशासन को भी है लेकिन न जाने क्यों उपरोक्त मार्ग पर अभियान नहीं चलाया जा रहा है। इसी के बाबत एक महिला ने सोमवार को जिला प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराते हुये उक्त मार्गों पर अभियान चलाने की मांग किया है। उक्त महिला का कहना है कि जनपद की कुछ सड़कें तो महानगरों की सड़कों को चुनौती देने को तत्पर हैं परन्तु ध्यान दिलाने का आशय यह है कि उपरोक्त मार्ग जो नगर के बीचोंबीच हैं एवं उस पर काफी अतिक्रमण भी है, प्रत्यक्ष रूप से अल्प विकसित हैं। देखा जा सकता है कि यहां पर प्रत्येक रूप से अतिक्रमण किया गया है जहां आये दिन लगने वाले जाम की समस्या आम है। उन्होंने चहारसू चैराहे से अशोक टाकिज तिराहा, खोवा मण्डी से शाही किला, ओलन्दगंज से लेकर जेसीज चैराहे तक अभियान चलाने की मांग किया है।