जौनपुर। नगर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एक बार फिर जिला प्रशासन खड़ा हो गया। अबकी बार लाइन बाजार तिराहे से गांधी तिराहे तक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सोमवार को लाल निशान लगाकर चिन्हित कर दिया गया। साथ ही नागरिकों को स्वयं हटाने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट शिव ¨सह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय शुक्ला, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी दिनेशचंद्र गुप्ता के नेतृत्व में दोपहर करीब डेढ़ बजे लाइन बाजार तिराहे पहुंचे। जिनके नेतृत्व में बीच सड़क से दोनो तरफ 20 फीट के चिन्हीकरण के लिए लाल निशान लगाया गया। यह अभियान लाइन बाजार तिराहे, थाना, पुराना एआरटीओ कार्यालय होते हुए गांधी तिराहे तक चला। इस दौरान पीडब्लूडी के कर्मचारी फीता व इंची टेप लेकर सड़क के दोनो तरफ निशान लगाते रहे। दो दिन बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। जिसके दायरे में आने वाले मकान व दुकान को जेसीबी से तोड़कर गिरा दिया जाएगा। जिसका जुर्माना भी प्रशासन की तरफ से वसूला जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से आस-पास देखने वालों की भीड़ लग गई। जिसके फौरन बाद लोग कब्जे वाले स्थान को हटाने के लिए जुगाड़ करने लगे। कम समय होने के कारण कोई मिस्त्री से तो कोई मजदूर से संपर्क करने लगा।